योगी सरकार का बड़ा फैसला, अयोध्या में लगेगी मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा

Update: 2019-07-23 04:35 GMT

लखनऊ,  । हिंदुत्व के एजेंडे से पर्यटन को बढ़ावा देने और भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या की ओर पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित करने के लिए योगी सरकार ने बड़ा फैसला किया है। अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित होगी। इस प्रतिमा की ऊंचाई 251 मीटर प्रस्तावित है। सरयू के किनारे सटे 100 हेक्टेयर क्षेत्र में यह प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

सोमवार को इस सिलसिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हाई पावर कमेटी की बैठक हुई। मुख्यमंत्री ने प्रतिमा स्थापना कार्य में तेजी लाने के साथ ही अयोध्या के समग्र विकास के लिए योजना तैयार करने पर जोर दिया। बैठक में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा, नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय और अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी समेत कई प्रमुख अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने प्रतिमा स्थल पर भगवान श्रीराम पर आधारित डिजिटल म्यूजियम, इंटरप्रेटेशन सेंटर, लाइब्रेरी, पार्किंग, फूड प्लाजा, लैंडस्केपिंग के साथ-साथ पर्यटकों के मूलभूत सुविधाओं की स्थापना के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में गठित होगा ट्रस्ट

हाई पावर कमेटी ने तय किया कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक ट्रस्ट का गठन किया जाए। ट्रस्ट का नाम और उनके ट्रस्टी भी तय किये गए। पहले डिजाइन कंसलटेंट के लिए राजकीय निर्माण निगम का चयन किया गया था, लेकिन इसे निरस्त करते हुए नए सिरे से प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया गया।

गुजरात सरकार से होगा एमओयू

विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित करने के लिए गुजरात सरकार के साथ मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहायता के लिए एमओयू हस्ताक्षरित किया जाएगा। इस कार्य के परिकल्प, संरचना, बिडिंग कार्यवाही और निर्माण कार्य के लिए राजकीय निर्माण निगम की अलग इकाई स्थापित की जाएगी। प्रस्तावित साइट का जियोलाजिकल सर्वे, हाइड्रोलाजिकल सर्वे, साइस्मिक सर्वे तथा नीरी (नागपुर) से इनवायरमेंट असेसमेंट एंड फिजिबिलिटी स्टडी के साथ आइआइटी कानपुर भी इसमें सहयोग करेगा। इस कार्य के समन्वय और क्रियान्वयन के लिए वित्त, नगर विकास, वन, पर्यावरण, लोकनिर्माण, सिंचाई, ऊर्जा, औद्योगिक और आवास विभाग से एक-एक नोडल अधिकारी भी नामित किये जाएंगे।

चीन में गौतम बुद्ध की प्रतिमा की ऊंचाई है 208 मीटर

चीन में स्थापित गौतम बुद्ध की प्रतिमा की ऊंचाई 208 मीटर है जबकि न्यूयार्क में स्टैच्यू आफ लिबर्टी की ऊंचाई 93 मीटर है। गुजरात में सरदार बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा की ऊंचाई 183 मीटर है। मुंबई में निर्माणाधीन डा. आंबेडकर की प्रतिमा 137.2 मीटर और निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी महराज की प्रतिमा की ऊंचाई 212 मीटर है। भगवान श्रीराम की प्रस्तावित प्रतिमा की ऊंचाई 251 मीटर होने से यह विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा होगी।

Similar News