Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

आबरू बचाने में महिला ने नोचा इंस्पेक्टर का 3-Star, जिम्मेदारों ने साधी चुप्पी

आबरू बचाने में महिला ने नोचा इंस्पेक्टर का 3-Star, जिम्मेदारों ने साधी चुप्पी
X

अंबेडकरनगर, । हत्यारोपित की तलाश में पुलिस टीम लेकर जैतपुर थानाध्यक्ष उच्चाधिकारियों को बिना सूचित किए मालीपुर थाना में घुरहूपुर गांव धमक पड़े। यहां हत्यारोपित के रिश्तेदारों को मारने-पीटने एवं महिलाओं से अश्लीता किए जाने का आरोप है। एक महिला ने आबरू बचाने में थानाध्यक्ष के कंधे पर लगे तीनों सितारे नोच लिए। थानाध्यक्ष के सहकर्मी उप निरीक्षक व आरक्षियों पर भी घर की महिलाओं से अश्लीलता करने तथा कपड़ा फाड़ नग्न करने का आरोप लगा है। आधी रात को कार्रवाई के दौरान घर में घुसने के लिए महिला पुलिस की जरूरत भी नहीं महसूस की गई।

आधी रात को हुई घटना : एसपी को संबोधित शिकायती पत्र में महिला ने बताया कि बरामदे में सोया बालक रात करीब साढ़े 11 बजे चीखने-चिल्लाने लगा। परिवार के लौग दोड़े तो यहां पुलिस कर्मी उसकी पिटाई करते मिले। वजह पूछने पर पुलिस कर्मियों ने परिवार के लोगों को भी पीटना शुरू कर दिया व घर में घुस गए। परिवार के पुरुषों पर पुलिस सिपाहियों ने बंदूक सटा दी। इस पर महिलाओं ने विरोध किया तो उन्हें भी नहीं बख्शा गया। एक महिला का आरोप है कि थानाध्यक्ष उसे कमरे में घसीटकर ले गए। यहां पर गलत काम करने का प्रयास किया। इस दौरान महिला ने थानाध्यक्ष के कंधे पर लगे तीनों सितारों को नोच लिया। आरोप है कि कपड़े फाड़कर थानाध्यक्ष ने उसे नंगा कर दिया। उधर दूसरा दारोगा घर में महिला की देवरानी से अश्लील हरकत करता रहा। थानाध्यक्ष समेत तीन नामजद व तीन अज्ञात पर घर के जेवरात लूटने का भी आरोप लगाया गया है। गुहार लगाने पर ग्रामीणों को आता देख पुलिस कर्मी धमकी देकर लौट गए। पीड़ित परिवार शनिवार को थानाध्यक्ष के कंधे से नोचे गए खाकी में जड़े सितारों को सुबूत के तौर पर दिखाने और मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए पहुंचा। हालांकि यहां एसपी से उनकी मुलाकात नहीं हो सकी।


हत्यारोपित की तलाश में दबिश देने का दावा: जैतपुर थानाक्षेत्र के जोलहापुर थानाक्षेत्र में विगत तीन अक्टूबर को हुए रमेश चौहान हत्याकांड में छह आरोपित नामजद हैं। इसमें से पुलिस चार को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अभी योगेंद्र चाैहान समेत दो नामजद की पुलिस को तलाश है। इन आरोपितों में योगेंद्र चौहान की मालीपुर थानाक्षेत्र के घुरहूपुर गांव में रिश्तेदारी है। पुलिस को यहां पर दोनों हत्यारोपितों के छिपे होने की मुखबिर से सूचना मिली थी। इस पर पुलिस दबिश देने पहुंची।


पांच अक्टूबर को पहुंची थी पुलिस : जैतपुर थाने की पुलिस इससे पहले गत पांच अक्टूबर को भी इसी घर में दबिश देने पहुंची थी। तत्समय भी महिलाओं से अभद्रता किए जाने की शिकायत मेल व रजिस्टर्ड डाक से छह अक्टूबर को एसपी को भेजी गई थी।

दूसरे दिन अफसर रहे अनभिज्ञ : पुलिस से अभद्रता और महिलाओं के साथ हुई घटना के बारे में अफसरों को दूसरे दिन भी सूचित नहीं किया गया। सीओ अशोक कुमार ने अभिज्ञता जताते हुए जानकारी लेने की बात कही। वहीं जैतपुर थानाध्यक्ष के सीयूजी नंबर पर कई बार कॉल की गई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। मालीपुर थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि दबिश देने के लिए यहां से टीम को साथ भेजा गया था। पुलिस से अभद्रता करने में आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस दबिश देने गई थी। छेड़छाड़ का मामला गलत है। पुलिस टीम से अभद्रता करने का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा आरोपितों पर दर्ज किया गया है।

Next Story
Share it