Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

कुरान बांटने के नाम पर चर्चा में आई ऋचा की सुरक्षा बढ़ी, सोशल साइट पर आर्थिक मदद की अपील, लोगों ने डाले पैसे

कुरान बांटने के नाम पर चर्चा में आई ऋचा की सुरक्षा बढ़ी, सोशल साइट पर आर्थिक मदद की अपील, लोगों ने डाले पैसे
X

रांची, । सोशल साइट पर धर्म विशेष पर आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने से बाद चर्चा में आईं ऋचा भारती के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वरीय अधिकारियों के निर्देश के बाद रांची के पिठोरिया स्थित उसके घर के पास पर्याप्त संख्या में गुरुवार को पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं। गश्ती दल और विशेष पेट्रोलिंग की भी व्यवस्था की गई है ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे।

बुधवार की देर रात ऋचा के ट्विटर अकाउंट से एक आपत्तिजनक पोस्ट किया गया था। इसके बाद रांची के हिंदपीढ़ी का माहौल तनावपूर्ण हो गया था। घटना के बाद पुलिस अलर्ट हुई और ऋचा के घर के साथ ही शहर में भी अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। ऋचा के जिस अकाउंट से ट्वीट किया गया था वह उसका असली अकाउंट है या फेक पुलिस इसकी जांच कर रही है।

सोशल साइट पर लगातार ऋचा के पक्ष और विपक्ष में बहसबाजी चल रही है। वहीं, फेसबुक पर ऋचा का एक बैंक अकाउंट शेयर कर उसे मदद की अपील करते ही देश भर से उसकी मदद को हाथ बढऩे लगे हैं। कुछ ही घंटों में उसके अकाउंट में हजारों रुपये इकट्ठा हो गए हैं। गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर पोस्ट के बाद ऋचा गिरफ्तार हुई थीं। उन्हें जमानत देते हुए कोर्ट ने यह शर्त रखी कि उन्हें कुरान बांटना होगा। इससे विवाद और बढ़ गया और ऋचा देश भर में चर्चा में आ गईं। कोर्ट ने अपना फैसला वापस तो ले लिया लेकिन यह मामला थम नहीं रहा।

सोशल मीडिया पर बैंक अकाउंट शेयर कर आर्थिक मदद की अपील, लोगों ने डाले पैसे

ट्विटर अकाउंट से एक आपत्तिजनक पोस्ट से बढ़ा तनाव, लगी क्विक रिस्पांस टीम

ऋचा के पिता बोले, जिन्होंने मदद की उनका शुक्रिया

लेकिन यह सब पैसे के लिए नहीं किया बेटी ने, हक की लड़ाई लड़ी

एक आपत्तिजनक पोस्ट के बाद तनाव बढ़ा

बुधवार की देर रात ऋचा के अकाउंट से आपत्तिजनक पोस्ट के बाद रांची के कुछ हिस्सों में तनाव पसर गया। वरीय पुलिस अधिकारी हरकत में आए और तत्काल ऋचा के घर के साथ ही शहर की सुरक्षा बढ़ा दी। ऋचा के घर के आसपास की सुरक्षा की निगरानी के लिए क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को लगाया गया है। वहीं, अलर्ट किए जाने के बाद पुलिस गुरुवार को संवदेनशील स्थानों पर पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रही। अतिरिक्त सुरक्षा बल कमान संभाले रहे। एकरा मस्जिद के पास बड़ी संख्या में जवानों को तैनात किया गया है। वहीं आसपास के इलाके में गश्ती बढ़ा दी गई है। बाइक दस्ता भी पेट्रोलिंग कर रहा है। शुक्रवार को शहर की मस्जिदों के बाहर अतिरिक्त सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं।

अकाउंट में आ रही आर्थिक मदद

ऋचा भारती के समर्थन में देशभर से लोग सामने आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर बैंक ऑफ इंडिया, पिठोरिया शाखा का एक अकाउंट शेयर कर ऋचा को आर्थिक मदद की अपील की जा रही है। कुछ लोगों ने मदद स्वरूप अकाउंट में रुपये भी जमा कराये हैं। इसको ज्यादा से ज्यादा लोगों तक प्रसारित किया जा रहा है। इस संबंध में ऋचा के पिता प्रकाश पटेल ने कहा कि कुछ दिनों पूर्व घर पर ऋचा से मिलने आए लोगों ने अकाउंट नंबर मांगा था। संभवत: उन्होंने ही इसे शेयर किया है। अकाउंट में कितने पैसे आए हैं यह मैंने चेक नहीं किया है। जिन्होंने भी मदद की है उनका आभार। लेकिन यह स्पष्ट करना चाहूंगा कि ऋचा ने यह सब पैसे के लिए नहीं किया, उसने अपने हक की लड़ाई लड़ी है।

सोशल साइट पर 600 फर्जी अकाउंट खुल गए

ऋचा भारती के लिए सोशल मीडिया मुसीबत का कारण भी बन गया है। ऋचा के पिता प्रकाश पटेल ने बताया कि कई शरारती तत्व उसके नाम से फेक आइडी बनाकर अनाप शनाप पोस्ट शेयर कर रहे हैं। विभिन्न सोशल प्लेटफॉर्म पर करीब छह सौ फर्जी अकाउंट बनाये गए हैं। इस संबंध में शीघ्र ही पुलिस से शिकायत करने की बात पिता ने कही। जहां तक सोशल मीडिया पर चल रहे बैंक अकाउंट के नंबर की बात है तो वह असली है। यह अकाउंट ऋचा का है, कॉलेज ज्वाइन करते समय पिठोरिया स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में खाता खुलवाया गया था। अकाउंट शेयर करते ही कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर कई लोगों ने मदद कर हजारों के ट्रांजेक्शन स्लीप भी अपलोड किए।

Next Story
Share it