Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

औरैया : हादसे के बाद भीड़ ने किया बवाल, सड़क जाम कर पथराव, सीओ व महिला सिपाही जख्मी

औरैया : हादसे के बाद भीड़ ने किया बवाल, सड़क जाम कर पथराव, सीओ व महिला सिपाही जख्मी
X

औरैया, । जालौन रोड पर गुरुवार की सुबह ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर सवार छात्र की मौत और दो लोगों के घायल होने के बाद भीड़ ने बवाल शुरू कर दिया। रोड जाम कर वाहनों व पुलिस पर पथराव किया, जिसमें सीओ सिटी व दो महिला पुलिस कर्मी जख्मी हुए हैं। मौके पर चार थानों, पुलिस लाइन और पैरामिलीट्री फोर्स पहुंच गया। हवाई फायर करके उपद्रवियों को खदेड़ा गया है। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस जाम खुलवा सकी है।

जनपद जालौन से कुछ लोग गुरुवार की सुबह औरैया मंडी समिति में सब्जी बेचने जा रहे थे। औरैया में यमुना रोड पर सुबह करीब छह बजे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर सवार सत्रह वर्षीय कल्लू पुत्र विजय सिंह निवासी महाबली थाना कुठौंद की मौत हो गई। वहीं गुलाब सिंह पुत्र छेदालाल व विश्राम सिंह पुत्र मैकू लाल घायल हो गए। हादसा देखकर ग्रामीणों की भीड़ सड़क पर उतर आई। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने उपद्रवियों को खदेडऩे के लिए की हवाई फायरिंग

हादसे से गुस्साए लोगों ने करीब सात बजे सड़क जाम कर दी। कुछ ही देर में आसपास के गांवों से भीड़ बढ़ गई और उपद्रव शुरू कर दिया। वाहनों के निकलने पर पथराव शुरू कर दिया। इस बीच पुलिस बल मौके पर पहुंचा तो भीड़ ने उनपर भी पथराव कर दिया। पथराव में सीओ सिटी शिवराम सिंह और दो महिला पुलिस कर्मी जख्मी हो गईं।

जानकारी मिलते ही चार थानों का फोर्स, पुलिस लाइन से फोर्स और पैरामिलीट्री फोर्स पहुंच गया। बवाल बढ़ता देखकर पुलिस ने हवाई फायरिंग कर उपद्रवियों को खदेड़ा। एसपी हरीश चंदर और डीएम अभिषेक सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच गए। फोर्स बवाल पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले भी लेकर पहुंची थी। पुलिस ने मौके से आधा दर्जन उपद्रवियों को हिरासत में लेकर थाने भेजा है।

चार घंटे रोड जाम, वाहन सवार परेशान

सुबह सात बजे से जालौन रोड जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे जाम में फंसी रोडवेज बस, निजी वाहनों और भारी वाहनों में सवार चालक गर्मी में परेशान रहे। करीब 11 बजे पुलिस फोर्स ने उपद्रवियों को खदेड़कर यातायात सुचारु कराया। वाहनों की कतार लंबी होने से जाम खुलवाने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ रही है। अभी यातायात रेंग ही रहा है।

Next Story
Share it