Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

अखिलेश से मिले शत्रुघ्न सिन्हा, लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हो सकते हैं

अखिलेश से मिले शत्रुघ्न सिन्हा, लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हो सकते हैं
X

लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा आज लखनऊ में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिले। लखनऊ में सपा मुख्यालय में इस मुलाकात के बाद चर्चा है कि शत्रुघ्न सिन्हा लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हो सकते हैं। लखनऊ में मुलाकात इसी सिलसिले में हो रही है।

भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा आज दिन में लखनऊ में समाजवादी पार्टी के मुख्यालय पहुंचे। शत्रुघ्न सिन्हा ने यहां पर सपा मुखिया अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में शत्रुघ्न सिन्हा ने आज वायुसेना की सर्जिकल स्ट्राइक पर कहा कि अभी सेलिब्रेशन की घड़ी नहीं है। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि इस वक्त सभी लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ देख रहे हैं। वह देश के मुखिया हैं। इस वक्त हम सभी प्रधानमंत्री के साथ हैं। इस बारे में हमने ट्वीट भी किया है। ऐसा एक्शन होना चाहिए कि कोई दोबारा पुलवामा जैसी हिमाकत न करे।

शत्रुघ्न सिन्हा की आज अखिलेश यादव की इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है। शत्रुघ्न सिन्हा अभी भाजपा से नाराज चल रहे हैं। पीएम मोदी पर वह लगतार हमलावर हैं। वह अब समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की तारीफ भी करने से नहीं चूकते। इसके कारण कयास लगाया जा रहा है कि शत्रुघ्न सिन्हा लोकसभा चुनाव सपा के टिकट से लड़ सकते हैं। शत्रुघ्न सिन्हा की अखिलेश से पहले भी मुलाकात हो चुकी है। हाल ही में बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के शक्ति प्रदर्शन में भी विपक्ष के नेताओं के साथ शत्रुघ्न सिन्हा ने मंच साझा किया था। शत्रुघ्न सिन्हा पटना साहिब से भाजपा के सांसद हैं। उम्मीद है इस मुलाकात के बाद शत्रुघ्न सिन्हा भी अपने को लेकर कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं।

Next Story
Share it