Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

भाजपा किसान मोर्चा के राष्‍ट्रीय अधिवेशन में भाग लेने गोरखपुर पहुंचे अमित शाह

भाजपा किसान मोर्चा के राष्‍ट्रीय अधिवेशन में भाग लेने गोरखपुर पहुंचे अमित शाह
X

गोरखपुर । भाजपा किसान मोर्चा के राष्‍ट्रीय अधिवेशन में भाग लेने भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह शनिवार को गोरखपुर पहुंचे। वह दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन का शुभारंभ करेंगे। अधिवेशन को लेकर आयोजन स्थल फर्टिलाइजर परिसर में सुबह से ही किसान प्रतिनिधियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। प्रतिनिधियों के पंजीकरण के लिए परिसर में एक दर्जन से अधिक काउंटर बनाए गए हैं। राज्यवार बनाए गए काउंटर पर जाकर प्रतिनिधि अपना पंजीकरण करा रहे हैं।

अधिवेशन का शुभारंभ अमित शाह करेंगे। केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह उद्धघाटन सत्र के विशिष्ट अतिथि होंगे। अतिथियों का स्वागत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। अधिवेशन के शुभारंभ से पहले किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह मस्त और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ अनिल जैन परिसर मे लगाई गई किसान प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। अधिवेशन के दूसरे सत्र में किसानों के लिए प्रस्ताव रखा जाएगा, जिसको मंथन के बाद मंजूरी दी जाएगी। इसी क्रम में कृषि मंत्री राधामोहन सिंह देश भर से आये भाजपा किसान प्रतिनिधियों को किसानों को लेकर सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की विस्तार से जानकारी देंगे।

कई प्रदेशों से पहुंचे पार्टी पदाधिकारी

अधिवेशन में हिस्सा लेने के लिए देश भर से मोर्चा व अन्‍य आनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी गोरखपुर पहुंच चुके हैं। राष्‍ट्रीय, प्रदेश व क्षेत्र स्‍तर के पदाधिकारियों को भी रैली की व्‍यवस्‍था में लगाया गया है। अधिवेशन में देश भर के किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने महिलाओं की भी भागीदारी होगी। अधिवेशन में मोर्चा की 10 महिला पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगी। इनमें दो महिला पदाधिकारी गुरुवार को जम्मू-कश्मीर की टीम के साथ पहुंच भी गईं। महिला पदाधिकारियों में जम्मू-कश्मीर की दो पदाधिकारियों के अलावा अरुणांचल प्रदेश की चार और हरियाणा और असम की तीन-तीन महिला पदाधिकारी मौजूद रहेंगी।

Next Story
Share it