Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

देवरिया में जिलाध्यक्ष समेत डेढ़ सौ सपाइयों पर मुकदमा

देवरिया में जिलाध्यक्ष समेत डेढ़ सौ सपाइयों पर मुकदमा
X

गोरखपुर । देवरिया के कचहरी चौराहे पर मंगलवार को मुख्य मार्ग जाम करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष समेत डेढ़ सौ सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं की पहचन पुलिस वीडियो से कर रही है।

एक दिन पूर्व सपा मुखिया अखिलेश यादव के लखनऊ एयरपोर्ट पर रोके जाने के बाद सपा जिलाध्यक्ष रामइकबाल यादव के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने शहर में प्रदर्शन किया और कचहरी चौराहे पर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस ने कई बार जाम को हटाने का प्रयास किया लेकिन सपा कार्यकर्ता सड़क से हटने की बजाय पुलिस से ही उलझ गए। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक शिष्य पाल व एडीएम प्रशासन राकेश पटेल के कहने पर सपा कार्यकर्ता सड़क से हटे।

इस मामले में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उप निरीक्षक योगेंद्र यादव की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष रामइकबाल यादव को नामजद करते हुए डेढ़ सौ अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ सड़क जाम करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस बाबत शहर कोतवाल विजय नारायण प्रसाद ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। छानबीन की जा रही है। जाम के समय बने वीडियो से अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं की पहचान की जा रही है।

Next Story
Share it