Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

आय से अधिक संपत्ति के मामले में रिटायर्ड इंस्पेक्टर गिरफ्तार

आय से अधिक संपत्ति के मामले में रिटायर्ड इंस्पेक्टर गिरफ्तार
X

मेरठ । आय से अधिक संपत्ति के मामले में शुक्रवार को एंटी करप्शन मेरठ यूनिट ने रिटायर्ड इंस्पेक्टर पूरन सिंह मेहरा को गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौड़ ग्रीन सिटी कॉलोनी स्थित आवास से गिरफ्तार किया है। देर शाम स्पेशल जज भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम पंकज मिश्र की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोपित की तरफ से दी गई जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए अदालत ने छह फरवरी की तारीख निर्धारित की है।

दर्ज कराई थी शिकायत

अभियोजन के अनुसार शिकायतकर्ता गेल अपार्टमेंट नोएडा निवासी नरेश यादव ने 21 मई 2009 को एंटी करप्शन में शिकायत दर्ज कराई थी कि खाद्य प्रकोष्ठ मेरठ में तैनात दारोगा पूरन सिंह मेहरा की सम्पत्ति आय से कई गुना अधिक है। पूरन सिंह एक जून 1981 को दारोगा के पद पर भर्ती हुआ। जनवरी 1997 तक खुद व पत्नी शकुंतला मेहरा के नाम काफी चल व अचल सम्पत्ति इकट्ठा कर ली। वर्ष 1997 से 2009 के बीच गणना में विभिन्न स्रोतों से 78 लाख रुपये की आय होनी पाई गई, जबकि उसने 92 लाख 99 हजार रुपये से चल-अचल सम्पत्ति खरीदी। अतिरिक्त संपत्ति का वह प्रमाण नहीं दे सका।

18 फीसद अधिक संपत्ति

जांच अधिकारी अमृता मिश्र ने संपत्ति आय से 18 फीसद अधिक मिली, जिसकी जांच चल रही है। जांच अधिकारी निरीक्षक यतेन्द्र शर्मा ने बताया कि अब तक की जांच में रिटायर इंस्पेक्टर पूरन सिंह के खिलाफ आय से 130 गुना अधिक संपत्ति का ब्यौरा आ चुका है। उक्त प्रकरण में पूरन सिंह के विरुद्ध गैरजमानती वारंट जारी था, लेकिन वह अदालत में पेश नहीं हो रहा था। अदालत में पूरन सिंह की तरफ से जमानत अर्जी दी गई। सरकारी वकील वीरेश त्यागी द्वारा सुनवाई के लिए वक्त मांगने पर अदालत ने सुनाई की तारीख छह फरवरी निर्धारित कर दी।

आरोपित ने खुद को निर्दोष बताया

अदालत में पेशी के दौरान पूरन सिंह ने कहा कि वह निर्दोष है। उसने अंतरिम जमानत दिए जाने की गुहार लगाते हुए कहा कि जब वह निर्दोष है तो जेल क्यों जाए।

परिजनों की संपत्ति की भी हो रही जांच

जांच अधिकारी ने बताया कि पूरन सिंह के साथ-साथ उसके परिजनों की संपत्ति की जांच भी चल रही है। जांच अधिकारी के मुताबिक रिटायर्ड इंस्पेक्टर के परिवार के दो सदस्यों की भी शिकायत हुई। जिनकी जांच चल रही है।

पिथौरागढ़ निवासी है आरोपित

पूरन सिंह मूलरूप से गांव मंतोली थाना बेरीनल जिला पिथौरागढ़ का रहने वाला है। उसे गिरफ्तार करने के लिए तीन इंस्पेक्टर समेत आठ सदस्यीय टीम गठित की गई थी।

Next Story
Share it