Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

आजमगढ़- गला मफलर से बांध ब्लेड से काटा, गंभीर हालत में बालक अस्पताल में भर्ती

आजमगढ़- गला मफलर से बांध ब्लेड से काटा, गंभीर हालत में बालक अस्पताल में भर्ती
X

आजमगढ़ । जहानागंज थाना क्षेत्र के शुंभी गांव में अपने मौसी के घर रह रहे एक आठ वर्षीय बालक का गला मफलर से बांधने के बाद उसे ब्लेड से काट दिया। गंभीर रूप से जख्मी उक्त बालक को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। परिवार के लोगों ने गांव के ही एक युवक पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। उक्त गुरुवार की देर शाम की बतायी जा रही है।

मऊ जिले के मोहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के नरौनी गांव के मूल निवासी 8 वर्षीय नोमान पुत्र मुफीद की मौसी की ससुराल जहानागंज थाना क्षेत्र के शुंभी गांव में स्थित है। उसके पिता सऊदी में रहते हैं। उक्त बालक अपनी मां व भाई बहनों के साथ मौसी के घर रहता है। परिजन का आरोप है कि शुंभी गांव के ही एक 26 वर्षीय युवक नोमान की बहन से जबरन शादी करना चाहता है। जिसका परिजनों ने विरोध किया। इसी बात से नाराज होकर उक्त युवक गुरुवार की शाम को लगभग छह बजे नोमान को दस रुपये खाने के लिए दिया। इसके बाद उसे बहला फुसलाकर अपने साथ सामान खरीदने के लिए शुंभी बाजार लेकर चला गया।

बाजार से वापस लौटते समय रास्ते में स्थित ट्यूबवेल के पास उसे लेकर गया। वहां ले जाने के बाद नोमान का गला मफलर से बांध दिया और तत्पश्चात उसका गला ब्लेड से काट दिया। नोमान को मृत समझ कर उसे उक्त युवक छोड़कर फरार हो गया। इधर किसी तरह नोमान लहूलुहान अवस्था में अपने घर पहुंचा और परिजन को सारी बातें बताई। परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराए हैं। जहां उसका इलाज चल रहा है। शुक्रवार की सुबह उक्त बालक के परिजन ने गांव के ही निवासी आरोपित युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए एसपी सिटी कमलेश बहादुर को प्रार्थना पत्र दिया। इस बाबत पूछे जाने पर जहानागंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा कि परिजनों ने फोन पर घटना की सूचना दी लेकिन थाने पर आकर दूसरे दिन शुक्रवार की शाम तक कोई तहरीर नहीं दी है। फिलहाल घटना की छानबीन की जा रही है।

Next Story
Share it