Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

पीएम मोदी बोले- सज्जन कुमार को सजा से सुकून मिला, करतारपुर कॉरिडोर बड़ी उपलब्धि

पीएम मोदी बोले- सज्जन कुमार को सजा से सुकून मिला, करतारपुर कॉरिडोर बड़ी उपलब्धि
X

पंजाब में गुरदासपुर की धरती से आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव 2019 का बिगुल फूंका

पीएम ने कहा कि कल दिल्ली में छोटे किसानों से जुड़ा एक फैसला लिया गया। इससे छोटे उद्यमों को बड़ा लाभ होगा। अरसे से मांग हो रही थी कि एक्सपोर्ट से जुड़े उद्यमियों को 600 करोड़ का लाभ मिलेगा। पंजाब के किसानों और उद्यमियों को इसका सबसे ज्यादा लाभ होगा। इस फैसले को लागू होने के बाद उद्यमी अपना और अपने बच्चों के सपनों को पूरा कर सकेंगे।

पंजाब की सरकार को चल रही योजनाओं को प्रोत्साहित करना चाहिए। सेवा भाव से श्रद्धा के साथ मिलकर काम करेंगे तो जनता का भला होगा। देखने में आया कि अमृतसर, लुधियाना और जालंधर को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में चल रहा काम धीमा पड़ गया है। मेरी पंजाब की सरकार से अपील है कि इस ओर ध्यान देते हुए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को पूरा करने में केंद्र सरकार को सहयोग करे।

पीएम ने कहा कि पंजाब में खेती के साथ-साथ किसानों की अन्य जरूरतों को पूरा करने पर भी हमारी सरकार ने प्रयास किए हैं। लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाने के लिए भी काम किया जा रहा है। बठिंडा में बन रहा एम्स इसी दिशा में उठाया गया एक कदम है। 15 लाख महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। 28 लाख युवाओं को मुद्रा लोन दिया गया है। इसके अलावा बहुत सी योजनाएं पंजाब में चलाई गई हैं।

पीएम ने कहा कि मुक्तसर, फिरोजपुर और फिरोदकोट समेत कई शहरों में किसान की उपज को सही दाम दिलाने के लिए कई फैसले लिए गए। किसानों का अनाज, फसल, सब्जियां बर्बाद न हो। इसके लिए व्यापक स्तर पर काम हो रहा है। कोल्ड स्टोरेज का प्रबंध किया गया है। पंजाब में 17 नए कोल्ड स्टोरेज तैयार हो रहे हैं। बठिंडा में फूड प्रोसेसिंग का सेंटर शुरू किया गया है। इससे लोगों को सीधा रोजगार मिला। एक लाख से ज्यादा किसानों को लाभ हुआ।

पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी का मकसद किसानों को सशक्त बनाना है। यह हमारा लक्ष्य है और इसके लिए जमीनी स्तर पर काम किए जा रहे हैं। शाहपुर कुंडी डैम इसी का एक हिस्सा है। रावी का पानी, जो पंजाब और जम्मू कश्मीर के हक का था वो दशकों से बिना प्रयोग के पाकिस्तान जा रहा था। हमारी सरकार को यह मंजूर नहीं था। इसलिए हमने तय किया कि भारत का पानी भारतीयों के ही काम आए। इसमें हम सफल हुए है और डैम के निर्माण को मंजूरी मिल गई।

पीएम ने कहा कि देश के हर गांव को सड़क से जोड़ने का काम अटल जी के दौर में शुरू हुआ। कांग्रेस ने क्या किया। पढ़ाई, कमाई, दवाई और सिंचाई तो बीजेपी ने दिया, कांग्रेस ने क्या किया। कई महत्वपूर्ण योजनाएं-परियोजनाएं बीजेपी ने शुरू की और उन पर तेजी से काम किया जा रहा है। करतारपुर कॉरिडोर के साथ लगते सुलतानपुर लोधी को टूरिस्ट प्लेस के तौर पर विकसित किया जा रहा है।

पीएम ने कहा कि संसद में उन्होंने दावा किया कि हमारी सरकार ने 3400 करोड़ का कर्ज माफ किया। अब सच क्या है ये तो कांग्रेस ही जाने। मुझे नहीं लगता कि किसी का कर्जमाफ हुआ है। अगर कांग्रेस का दावा सही है तो कांग्रेस बताए कि ये पंचवर्षीय योजन है क्या। किसान के मरने के बाद कर्ज माफी करोगे क्या। पीएम ने कहा किसानों को साहूकारों या दूसरे लोगों से कर्ज लेना पड़ता है। अगर किसानों का भला नहीं कर सकते तो झूठ क्यों बोलते हैं।

पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक में भी कर्जमाफी का एलान किया है, लेकिन गिने चुने किसानों को इसका लाभ मिला। बाकी को घर छोड़कर जाना पड़ा। पंजाब में भी यही हाल है। कर्जमाफी के नाम पर वोट बटोरे और सत्ता में आ गई। वादा किया कि करोड़ों का कर्ज माफ करेंगे। डेढ़ साल बाद सच्चाई क्या है, कांग्रेस के लोग जनता को गुमराह करने के लिए संसद पहुंच गए।

पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने पंजाब के लिए किया ही क्या है। किसान और देश की जनता ने भरोसा करके ही वोट दिए। चुनाव में जीत दिलाई, लेकिन इस भरोसे की सजा किसान भुगत रहे हैं। कांग्रेस ने किसानों को कर्जमाफी का वादा करके वोट बटोरे। किसानों पर 6 लाख करोड़ का कर्ज था, लेकिन कर्जमाफी हुई सिर्फ 60 हजार करोड़ किसानों की। बाकी सब इंतजार करते रह गए।

पीएम ने कहा कि सिर्फ 4 किलोमीटर की बात थी, लेकिन पाकिस्तान ने 70 साल तक भारत देश की संगत को गुरु नानक देव जी के निवास स्थान करतारपुर साहिब से दूर रखा। अब ऐसा नहीं होगा, हमने रास्ता खुलवा लिया है। पाकिस्तान के साथ एक समझौता करके कॉरिडोर बनाने की योजना बना ली गई है। प्रकाश पर्व से पहले कॉरिडोर तैयार हो जाएगा, ताकि संगत जाकर करतारपुर साहिब के दर्शन कर सकें। मेरे लिए इससे बड़ी खुशी की कोई बात ही नही।

गुरदासपुर की धरती देश, समाज को प्रेरणा देने वाली रही है। यह बाबा दयाल जी की तपोभूमि है। यहां मुक्तेश्वर धाम है। यहां समाज जीवन के हर क्षेत्र में पंजाब का नाम रोशन किया है। एक से एक महान हस्तियों को जन्म दिया है। देव आनंद और विनोद खन्ना इसी धरती ने दिए हैं। विनोद खन्ना के निधन के बाद ये मेरा पहला पंजाब का दौरा है। मैं उन्हें दिल से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। विनोद खन्ना ने गुरदासपुर समेत पूरे पंजाब के लिए कई सपने देखे थे। अब हमें उनके सपनों को पूरा करना है। इसके लिए अकाली दल और भाजपा मिलकर काम कर रही हैं।

सुखबीर बादल ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने झूठ बोलकर सरकार बनाई है। वे बताएं कि उन्होंने प्रदेश की जनता के लिए क्या काम किया है। कांग्रेस के राज में किसानों का दमन होता है। 1984 के सिख दंगे भी कांग्रेस काल में ही हुए। सज्जन कुमार कांग्रेस के ही नेता थे, तो बताए कि कांग्रेस ने सिखों को न्याय दिलाने के लिए क्या किया। वे किस आधार पर जनता का हितैषी होने का दम भरते हैं।

गुरदासपुर में भाजपा-अकाली दल की धन्यवाद रैली शुरू हो गई है। इस समय शिअद सुप्रीमो सुखबीर बादल बोले रहे हैं। उन्होंने 1984 के सिख दंगा पीड़ितों का न्याय दिलाने के लिए उठाए गए कदम के लिए पीएम का धन्यवाद किया और कहा कि एसआईटी ने पूरे मामले की जांच की। सबूत इकट्ठे किए और सच सामने आ गया है। नतीजा सज्जन कुमार आज सलाखों के पीछे है। यह पीएम मोदी के कारण ही संभव हो पाया है।

रैली में पहुंचते ही पीएम मोदी का करतारपुर कॉरिडोर खोलने के लिए फूलमाला पहनाकर धन्यवाह किया है। रैली में मंच पर शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल, प्रदेश भाजपा प्रधान श्वेत मलिक सहित अकाली दल व भाजपा के बड़े नेता मौजूद हैं। स्वास्थ्य खराब होने के कारण पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल नहीं आए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जांलधर में विज्ञान कांग्रेस में शामिल होने के बाद आदमपुर एयरपोर्ट से पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पर पहुंचे। उनका विमान पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पर उतरा। वहां से पीएम मोदी हेलीकॉप्टर के जरिए गुरदासपुर पहुंचे। यहां पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया।

जालंधर स्थित एलपीयू में साइंस कांग्रेस का शुभारंभ करने के बाद पीएम मोदी गुरदासपुर पहुंच गए हैं। यहां वे साल 2019 की पहली जनसभा को संबोधित करेंगे और चुनावी बिगुल फूंकेंगे। इस रैली में हजारों की संख्या में मोदी के चाहने वाले पहुंचे हुए हैं।

पीएम ने कहा कि सौर ऊर्जा की दिशा में इस समय भारत तरक्की कर रहा है। इस दिशा में और ज्यादा प्रयास किया जा सकते हैं, ताकि गरीब तबके के लोग भी इसे आसानी से कम कीमत देकर इस्तेमाल कर सकें। इसके लिए देश के सभी इंजीनियरों को मिलकर आगे आना होगा।

पीएम ने कहा कि देश इस समय कई बीमारियों की चपेट में है। मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया जैसी बीमारियां ने लोगों पर अटैक कर रखा है। इसके लिए टेक्नोलॉजी का बेहतरीन उपयोग करके इस बीमारियों का इलाज तलाशना होगा। कुछ ऐसा करना होगा कि इन बीमारियों को जड़ से खत्म किया जा सके।

पीएम ने कहा कि आजकल साइबर अटैक, हैकिंग, ऑनलाइन ठगी जैसी समस्याओं का सामना देशवासी कर रहे हैं। टेक्नोलॉजी की दुनिया में काम करते हुए हमें एक ऐसा सिस्टम बनाना होगा, जिससे हमें साइबर सुरक्षा मिल सके। कंपनियों पर साइबर अटैक करना संभव न हो।

पीएम ने कहा कि विज्ञान के जरिए स्वास्थ्य की दिशा में और काम किया जाना चाहिए। देशवासियों को इलाज की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी। इसका समाधान साइंस के पास ही है। पीने के पानी की समस्या रिसाइकल तकनीक से खत्म हो सकती है। इसके लिए कोई सिस्टम खोज निकालना होगा।

पीएम ने कहा कि विज्ञान ने लोगों के जीवन को काफी आसान बनाया है। जन कल्याण के लिए अद्भूत कार्य किया है। लेकिन इस दिशा में अभी और काम किए जाने की जरूरत है। लोगों को ज्यादा से ज्यादा साइंस से जोड़ना होगा।

पीएम मोदी ने कहा कि देश इस समय 2022 में अपना गगनयान अतंरिक्ष में भेजने की तैयारी में जुट गया है। वैसे भी साल 2018 भारत के विज्ञान के लिए बहुत ही अच्छा साल रहा। इस वर्ष हमने कई प्रोजेक्ट शुरू किए और अंतरिक्ष में सैटेलाइट भी भेजे।

पीएम मोदी ने कहा कि किसानों पर अनुसंधान करने की जरूरत है। ड्रोन सेंसर आर्टिफिश्यल इंटेलिजेंस सैटेलाइट का पैकेज बनाकर किसानों के लिए रिसर्च होनी चाहिए कि इसके उपयोग से किसान कैसे कम जमीन पर अधिक खेती कर मुनाफा कमा सकते हैं।

एलपीयू में इंडियन साइंस कांग्रेस-2019 का शुभारंभ करते हुए पीएम मोदी ने 'जय अनुसंधान' सलोग्न दिया। पीएम बोले, जय जवान जय किसान लाल बहादुर शास्त्री का है और अगर अटल जी का जोड़ दिया जाए तो बनता है जय जवान जय किसान और जय विज्ञान, पर अगर मेरा जोड़ा जाए तो बनेगा जय जवान जय किसान जय विज्ञान और जय अनुसंधान।

Next Story
Share it