Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

बिहार के पूर्व विधायक कुशीनगर में गिरफ्तार

बिहार के पूर्व विधायक कुशीनगर में गिरफ्तार
X

गोरखपुर । बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहबगंज के पूर्व विधायक राजीव सिंह को पुलिस ने कुशीनगर के फाजिलनगर में गिरफ्तार कर लिया है। वह दिल्ली में नववर्ष उत्सव के दौरान किए गए हर्ष फायरिंग में साथी बिल्डर की पत्नी को गोली लगने के बाद बिहार भाग रहे थे। दिल्ली पुलिस की सूचना पर गोरखपुर की एसटीएफ टीम ने उनका लोकेशन ट्रेस कर जानकारी दी तो पटहेरवा थाने के फाजिलनगर चौकी पुलिस ने मंगलवार की देर शाम उन्हें हाइवे पर गिरफ्तार कर लिया।

बुधवार की सुबह पहुंची दिल्ली पुलिस के साथ एसटीएफ टीम ने थाने में पूछताछ की और बाद में दिल्ली पुलिस उन्हें अपने कब्जे में लेकर रवाना हो गई। पुलिस के अनुसार पूर्व विधायक का दिल्ली में फार्म हाउस है। वह 31 दिसंबर की रात अपने फार्म हाउस पर साथियों संग नववर्ष का जश्न मना रहे थे। इसी दौरान गोली चलने से वहां के मशहूर बिल्डर विकाश गुप्ता की पत्नी अर्चना गुप्ता के सिर में गोली लग गई। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। इसी बीच पूर्व विधायक वहां से बिहार के लिए भाग निकले। घटना के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई। छानबीन शुरू हुई तो पता चला कि पूर्व विधायक फरार हो गए हैं। इसके बाद उन्हें पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। गिरफ्तार पूर्व विधायक के पास से उनका रिवाल्वर भी बरामद किया गया है। पटहेरवा के थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने पूर्व विधायक के गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें दिल्ली पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है।

Next Story
Share it