Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

समाजवादी पार्टी की आधी सीटें हमें मिलें तभी गठबंधन हो सकता है PSP से : शिवपाल

समाजवादी पार्टी की आधी सीटें हमें मिलें तभी गठबंधन हो सकता है PSP से  : शिवपाल
X

कानपुर । प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में तीसरा मोर्चा को लेकर गठबंधन के लिए तैयार हैं लेकिन तभी जब उन्हें सपा से उत्तर प्रदेश में आधी सीटें मिलेंगी। मसलन यदि सपा को 40 सीटें मिलती हैं तो उनकी पार्टी को 20 सीटें चाहिए अन्यथा पार्टी 79 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। एक सीट नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के लिए छोड़ेंगे। इतना तय है कि आगामी लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी के बिना केंद्र में सरकार नहीं बनेगी। यह समय बहुत अहम है इसलिए कार्यकर्ता शिद्दत से जुट जाएं।

इटावा में वरिष्ठ नेता लईक खान के आवास पर उन्होंने कहा कि समान विचारधारा की 45 पार्टियां संपर्क में हैं। बामसेफ ने पार्टी का समर्थन पहले ही कर दिया है। वर्ष 2022 मे होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी की ही सरकार बनेगी जिसमें सभी वर्गों का ध्यान रखा जाएगा।

औरैया में वार्ता के दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र व राज्य दोनों में उनकी सरकार है फिर भी चुनाव से पहले किया गया कोई भी वादा अभी तक पूरा नहीं किया गया। वह पार्टी के जिला कार्यालय का शुभारंभ करने पहुंचे थे।

सपा में अब कभी वापसी नहीं

नई पार्टी बनाने के सवाल पर बोले कि सपा में चुगलखोर और चापलूसों के चलते बहुत अपमान हुआ इसलिए यह कदम उठाना पड़ा। सपा में दोबारा शामिल होने की बात पर बोले कि अब सपा में कभी वापसी नहीं होगी।

नहीं चलेगा अब किसी का जादू

2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि इस बार किसी का कोई जादू नहीं चलेगा। नरेंद्र मोदी की सरकार से जनता त्रस्त है। उनकी सरकार में महंगाई व भ्रष्टाचार का इजाफा हुआ है। 2019 में जनता चुनाव के समय ही विकल्प चुनेगी।

Next Story
Share it