Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की 51 सदस्यीय कार्यसमिति घोषित

उत्तर प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की 51 सदस्यीय कार्यसमिति घोषित
X

भाजपा महिला मोर्चा की बहुप्रतीक्षित कार्यकारिणी करीब दो वर्ष बाद घोषित हो गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय की संस्तुति पर महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष दर्शना सिंह ने सोमवार को 51 सदस्यीय कार्यसमिति की घोषणा की। इस कार्यसमिति में नए चेहरों को मौका दिया गया है। आधी आबादी को लुभाने के लिए भाजपा ने जातीय समीकरण का ख्याल रखा है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति करीब दो वर्ष बाद घोषित की गई है। अप्रैल 2016 में भाजपा महिला मोर्चा की तत्कालीन अध्यक्ष मधु मिश्रा को दलितों पर टिप्पणी की वजह से पद से हटाते हुए भाजपा से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया था। तबसे नई कार्यकारिणी की प्रतीक्षा थी। अक्टूबर, 2016 में भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष स्वाती सिंह बनाई गईं, लेकिन वह कार्यसमिति घोषित नहीं कर सकीं। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पिछले दौरे में ही सख्त निर्देश दिया था कि सभी फ्रंटल संगठनों और क्षेत्रीय इकाइयों का गठन कर लिया जाए।

चार और पांच जुलाई को उत्तर प्रदेश के दौरे पर अमित शाह आ रहे हैं। उनके आने से पहले ही सभी फ्रंटल संगठनों और क्षेत्रीय कमेटियों का गठन किया जा रहा है। महिला मोर्चा की अध्यक्ष दर्शना सिंह ने नई कमेटी में दस उपाध्यक्ष, दो महामंत्री, दस मंत्री, एक कोषाध्यक्ष, एक प्रदेश कार्यालय मंत्री और एक मीडिया प्रभारी की तैनाती की है। प्रदेश पदाधिकारियों की तैनाती में सर्वाधिक महत्व अवध क्षेत्र और फिर कानपुर और पश्चिम क्षेत्र को मिला है।

गोरखपुर, काशी और ब्रज क्षेत्र का भी प्रतिनिधित्व अपेक्षाकृत कम है। यह जरूर है कि प्रदेश अध्यक्ष काशी क्षेत्र से जबकि एक महामंत्री पश्चिम और एक अवध क्षेत्र से बनाई गई हैं। पदाधिकारियों के चयन में क्षत्रिय, ब्राह्मण, भूमिहार, श्रीवास्तव, वैश्य के साथ ही यादव, जाट, मौर्या, कुर्मी, कठेरिया, पासी, सोनकर, पटेल, सिख और मुस्लिम को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है।

प्रदेश अध्यक्ष दर्शना सिंह की कमेटी में उपाध्यक्ष- गिरिजा तिवारी (झांसी), शीला सिंह (बांदा), गोदावरी मिश्रा (सीतापुर), कमलेश कठेरिया (इटावा), रीता शास्त्री (कानपुर), निवेदिता श्रीवास्तव (बरेली), नीरज वर्मा (सीतापुर), सीता राय (मऊ), दुर्गेश नंदिनी (गोरखपुर) और दीक्षा गंगवार (रामपुर), महामंत्री पद पर रश्मिी रावल (बिजनौर) तथा अर्चना मिश्रा (लखनऊ) जबकि मंत्री पद पर अरुणा यादव (ललितपुर), विजय लक्ष्मी साहू (कानपुर), पदमा दीक्षित (नोएडा), मीनाक्षी भराला (मेरठ), दिव्या पांडेय (लखनऊ), ऊषा मौर्या (जौनपुर), डॉ. कृतिका अग्रवाल (इलाहाबाद), नीतू सिंह (संतकबीरनगर), सुषमा अग्रवाल (मथुरा), मीना पांडेय (रायबरेली) और प्रिया अग्रवाल (मुरादाबाद) तैनात की गई हैं।

कल्पना तिवारी (लखनऊ) को प्रदेश कार्यालय मंत्री और सुनीता बंसल (लखनऊ) को प्रदेश मीडिया प्रभारी बनाया गया है। कार्यसमिति की 25 सदस्यों में उपमा सरोज, पुष्पांजलि सिंह, निर्जला उपाध्याय, रीता पासी, ज्योति जायसवाल, गिरजा देवी, आरती सेठ, कविता वर्मा, अपर्णा सिंह, सरस्वती वर्मा, पूजा बंसल, विनीता सिसौदिया, कुमकुम सिंह, सुशीला सोनकर, ममता गुप्ता, अल्का सिंह पटेल, रणजीत कौर, रिजवाना परवीन, लक्ष्मी श्रीवास्तव, कमला दिवाकर, कुसुम पटेल, एकता गुप्ता, संगीता वाष्र्णेय, संगीता गर्ग और ममता मिश्रा को शामिल किया गया है।

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष दर्शना सिंह ने सभी छह क्षेत्रों में नई अध्यक्ष की तैनाती की है। अनीता त्रिपाठी- काशी, सुनीता श्रीवास्तव - गोरखपुर, बबिता चौहान - ब्रज, सुषमा खडगवाल - अवध, अंजू वारियर - पश्चिम और पूनम द्विवेदी को कानपुर क्षेत्र का अध्यक्ष बनाया गया है।

Next Story
Share it