Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

विदेश दौरे पर भी भाजपा पर हमलावर अखिलेश यादव, बोले- कुचली जा रही है हर विरोधी आवाज

विदेश दौरे पर भी भाजपा पर हमलावर अखिलेश यादव, बोले- कुचली जा रही है हर विरोधी आवाज
X

विदेश दौरे के बावजूद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला जारी है। बृहस्पतिवार को उन्होंने कहा, भाजपा राज में विकास में सर्वाधिक अवरोध पैदा हुए हैं। केंद्र व राज्य सरकार जनहित की एक भी योजना लागू नहीं कर सकी हैं। सपा सरकार के समय गरीबों, किसानों, महिलाओं, नौजवानों, छात्राओं को लाभ देने वाली योजनाएं या तो बंद हो गई हैं या फिर उनका बजट रोक दिया गया है।

अखिलेश ने कहा, प्रधानमंत्री अक्सर कहते हैं कि गति से प्रगति है लेकिन जिस भाजपा सरकार की कोई गति ही नहीं है उससे प्रगति की आशा कैसे की जा सकती है ? विकास गति का दूसरा नाम है लेकिन भाजपा ने तो विकास का हर काम रोक दिया है। इसलिए देश अंधेरे में है।

उन्होंने कहा, जैसे बच्चे खेलते-खेलते अचानक (स्टेचू बोलकर) यथास्थिति में एक दूसरे को खड़ा कर देते हैं, वही हाल इस सरकार का है। केंद्र सरकार के 5 बजट और राज्य सरकार के 2 बजटों के बावजूद देश की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। प्रगति के हर मानक पर भारत पिछड़ा हुआ है। विडंबना है कि भाजपा नेतृत्व ने देश में असहिष्णुता के साथ बदले की भावना का विस्तार कर प्रशासनिक व्यवस्था को छिन्न-भिन्न किया है।

'पीसीएस मेन्स 2017 पर भाजपा सरकार की मनमानी की पराकाष्ठा'

उन्होंने कहा, विरोध की हर आवाज को कुचला जा रहा है। इलाहाबाद में छात्रों की गिरफ्तारी फर्जी मुकदमे लगाकर हो रही है। पीसीएस मेन्स 2017 पर भाजपा सरकार की मनमानी की पराकाष्ठा है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष ऋचा सिंह को फर्जी केस में फंसाकर जेल भेजना अलोकतांत्रिक है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं। सरकार दिलासा दे रही है कि उनकी आमदनी 2022 तक दोगुनी कर देंगे। जनता 2019 में भाजपा का हिसाब-किताब बराबर करने को तैयार बैठी है।

Next Story
Share it