Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

UP पुलिस जो न करे कम है, अधेड़ के दोनों पैरों को जंजीर से बांधकर सड़क पर फेंका

UP पुलिस जो न करे कम है, अधेड़ के दोनों पैरों को जंजीर से बांधकर सड़क पर फेंका
X
जौनपुरः तालिबानी कानून देखना हो तो जौनपुर चले आइए। यहां पुलिस ने एक अधेड़ के दोनों पैर जंजीर में बांध कर बाजार में फेंक दिया। यह फरमान भी जारी कर दिया कि जंजीर खोलने वाले को भी बीच बाजार सजा दी जाएगी। खाकी ने सजा का ऐलान किया तो किसी ने जंजीर तक पहुंचने की हिम्मत नहीं जुटाई। पूरा मामला सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कोठवार गांव का है। जहां विवाद सुलझाने पहुंची सौ नंबर टीम ने खाकी का रौब दिखाया।
मामला यह है कि सरायख्वाजा थानांतर्गत कोठवार गांव निवासी रामबली यादव का तीन दिन पूर्व घर में किसी बात को लेकर उसकी भाभी से विवाद हो गया। उसकी भाभी ने 100 नंबर पुलिस को फोन कर दिया। इसके बाद 100 नंबर की पुलिस सायरन बजाती पहुंच गई। रामबली मिल गए तो उन्हें कोठवार बाजार में ले जाकर पीटा।
नशे में चूर रामबली ने भी आव देखा न ताव पुलिस से उलझ गया। उन्होंने पुलिस को भला-बुरा कह दिया। ये बात खाकी वालों को नागवार गुजरी। पुलिस ने बाजार से जंजीर मंगावा कर उसके दोनों पैर में जकड़ दी। उस पर कानून का ताला भी लगा दिया।
इसके बाद सरे बाजार ऐलान किया कि जो कोई भी बेड़ी खोलेगा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। दो दिन से वह जंजीर में जकड़ा बाजार में घूम-घूम कर लोगों से आजाद करने की गुहार लगा रहा है। पुलिसिया खौफ के चलते उसे आजाद करने की किसी की हिम्मत नहीं हो रही है।
रामबली के परिजन भी छुड़ाने के लिए गुहार लगा रहे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस ने मानवता की सारी हदें पार कर दी हैं। जिसे लेकर बाजार में तरह-तरह की चर्चा बनी हुई है। दैनिक क्रिया भी बंदी के लिए मुसीबत बन गई है।
Next Story
Share it