Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

डॉक्टरों ने महिला के पेट में छोड़ी कैंची, मौत

डॉक्टरों ने महिला के पेट में छोड़ी कैंची, मौत
X
इलाहाबाद के मऊआइमा में प्राइवेट अस्पताल के डॉक्टरों की लापरवाही ने एक विवाहिता की जान ले ली। एक महीने पहले जाम्हा गांव की गर्भवती महिला का जोगापुर स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन किया गया था। जहां डॉक्टरों की ने महिला के पेट में कैंची छोड़ दी। बाद में दर्द होने पर अल्ट्रासाउंड कराया गया तो सच सामने आया। इसके बाद कैंची तो निकाल दी गई, लेकिन इंफेक्शन से महिला की मौत हो गई।
जाम्हा गांव निवासी प्रिया सोनी को एक महीने पहले प्रसव के लिए सुल्तानपुर खास गांव के जोगापुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। ऑपरेशन के बाद डॉक्टर ने कैंची महिला के पेट में छोड़ दी और टांके लगा दिए। कुछ दिनों बाद प्रिया के पेट में दर्द हुआ तो घरवालों ने कमजोरी मानते हुए इलाज कराया। ज्यादा दर्द होने पर प्रिया का अल्ट्रासाउंड कराया गया तो पेट में कैंची होने की जानकारी मिली, इससे परिजनों के होश उड़ गए।
डॉक्टर ने प्रिया के पति अशोक को ऑपरेशन कर जल्द कैंची निकलवाने की सलाह दी। अशोक ने उसी निजी अस्पताल में प्रिया को रविवार को भर्ती कराया। जहां ऑपरेशन कर कैंची निकाली गई। इस दौरान इंफेक्शन काफी बढ़ चुका था। प्रिया की हालत बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि उसकी नाजुक हालत देख वहां के डॉक्टरों ने बगैर टांका लगाए ही पेट को कपड़े से बांध कर उसे एसआरएन भेज दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अशोक की तहरीर पर पुलिस ने निजी अस्पताल के संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। हलका इंचार्ज ने मौके पर जाकर पीड़ित परिवार से बयान लिया।
वहां के थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि संचालक के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। विवेचना में ऑपरेशन करने वाले स्टाफ के नाम पता चलेंगे। उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
बच्चा तो बच गया, लेकिन मां चल बसी
प्रिया सोनी के एक बेटा और एक बेटी है। उसका पति अशोक सोनी आटा चक्की चलाता है। ऑपरेशन के दौरान प्रिया ने बेटे को जन्म दिया था। बेटा तो सकुशल है, लेकिन डॉक्टरों की लापरवाही से दुधमुहे मासूम ने अपनी मां खो दिया।
Next Story
Share it