Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

गुंडों को सही जगह पर पहुंचा रही योगी आदित्यनाथ सरकार: टीएस रावत

गुंडों को सही जगह पर पहुंचा रही योगी आदित्यनाथ सरकार: टीएस रावत
X
गोरखपुर - उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने आज सीएम योगी आदित्यनाथ की कर्मस्थली गोरखपुर में गोरक्षपीठ की महत्ता पर प्रकाश डाला। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने यहां महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद संस्थापक सप्ताह समारोह को संबोधित किया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि गोरखपुर आने का यह पहला मौका है। मैं पूज्य योगी आदित्यनाथ का आभारी हूं। उन्होंने यहां आने का अवसर दिया। गोरक्षपीठ एक ऐसी पीठ है जिसने देश की आजादी से लेकर संस्कृति की रक्षा की। इस पीठ ने ऐतिहासिक कार्य किया है।
ब्रह्मलीन महंत दिग्विजय नाथ ने आने वाले समय की चुनौतियों को स्वीकार कर 1932 में महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद की स्थापना की। आज 45 संस्थाओं में 50 हजार से ज्यादा बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने एनसीसी के बच्चों के प्रदर्शन को सराहा। उन्होंने कहा परिषद राष्ट्रवाद की शिक्षा के साथ भारत माता के लिए बच्चों को तैयार कर रही है। यहां की शिक्षा केवल किताबी ज्ञान नही बल्कि जरूरत के अनुसार है।
रावत ने कहा कि अब शिक्षा को अपडेट करने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुताबिक हुनर पैदा करना होगा। आज बच्चे इंटरनेट चला रहे हैं लेकिन बुजुर्गों को गलत लगता है। हमें तकनीकी ज्ञान बढ़ाना होगा। ज्ञान का संबर्धन और प्रसार करना होगा। बाटने से ही ज्ञान बढ़ता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आठ माह के कार्यकाल में सुशासन की शुरुआत हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोज राज्यों की खबर लेते हैं। मुझे लगता है कि यहां पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी चुनौतियों का सामना करते हुए जिस तरह गुंडा राज खत्म किया वह अनुकरणीय है। मैं अपने प्रदेश के पुलिस वालों से कहता हूं कि गुंडों को जहां पहुचना चाहिए, उत्तर प्रदेश की पुलिस वहा पहुचा रही है। उन्होंने कहा कि 22 वर्ष की आयु में योगी आदित्यनाथ ने पूरा परिवार त्याग दिया। मेरी तुलना उनसे नही है। वह देश के कल्याण के लिए बने हैं और मैं राज्य कल्याण के लिए। उन्होंने सभी को देव भूमि उत्तराखंड आने के लिए आमंत्रित किया।

Next Story
Share it