Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

कोई माई का लाल भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता : योगी आदित्यनाथ

कोई माई का लाल भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता : योगी आदित्यनाथ
X
गोरखपुर - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अपनी कर्मभूमि गोरखपुर में फुल फार्म में थे। एक दर्जन योजनाओं का शिलान्यास करने के बाद उन्होंने कहा कि केंद्र तथा राज्य सरकार के ऊपर कोई भी भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा सकता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बने साढ़े तीन वर्ष के ऊपर का समय हो गया है। प्रदेश में हमारी सरकार ने भी छह महीने का कार्यकाल पूरा कर लिया है। इसके बाद भी कोई माई का लाल भ्रष्टाचार का एक भी तत्थ्यात्मक आरोप नहीं लगा सकता है। हर दस दिन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोक कल्याण की नई योजनाओं के साथ जनता के सामने आते हैं।
हम विकास के लिए आए हैं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिपराइच चीनी मिल दिवाली से पहले यहां की जनता के लिए तोहफा है। हम विकास के लिए आए हैं और विकास ही करेंगे। मुख्यमंत्री ने आज पिपराइच के रिठिया में 360 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नई चीनी मिल का शिलान्यास किया। उत्तर प्रदेश राज्य चीनी एवं गन्ना विकास निगम लिमिटेड की इकाई पिपराइच की नई चीनी मिल, डिस्टिलरी और बिजली संयत्र का शिलान्यास करने के बाद योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजनीति में मूल्य और सिद्धांत नहीं होते तो इसका उपयोग मात्र सत्ता के सुख के लिए किया जाने लगता है।
उन्होंने कहा कि भाई-भतीजावाद के साथ जातिवाद का जहर आम आदमी को तबाह कर देता है। देश में राजनीति मूल्यों की हो तो आरोप नहीं लगते हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति को परिवार और जातिवाद का अखाड़ा नहीं बनने देंगे। हमारे विकास के केंद्र में किसान, नौजवान, बहनें तथा गांव हैं। हम बिना किसी भी भेदभाव गांव, किसान, नौजवान, दलित और महिलाओं के लिए योजनाएं बनाते रहेंगे और उन्हें अमलीजामा भी पहनाते रहेंगे।
योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि राहुल जी के नेतृत्व में 2004 से 2014 तक की सरकार हमने देखी है। हर दिन नया घोटाला सामने आता था। सब अपना सोच रहे थे, देश-प्रदेश की सोचने वाला ही कोई नहीं था। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद डा. महेंद्र नाथ पांडेय, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास सुरेश राणा, विधायक महेंद्र पाल सिंह, संगीता यादव, रामानंद बौद्ध, प्रमुख सचिव चीनी उद्योग संजय आर भूसरेड्डी आदि मौजूद रहे।
मुंडेरवा चीनी मिल का करूंगा शिलान्यास
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगले हफ्ते वह बिजनौर में नई डिस्टिलरी का शिलान्यास करने जा रहे हैं। इसके बाद बागपत में नई चीनी मिल के विस्तारीकरण कार्य का शुभारंभ करेंगे। बस्ती के मुंडेरवा में कुछ दिनों के भीतर चीनी मिल के शिलान्यास के लिए आ रहा हूं।
सपा-बसपा ने बेड़ा गर्क किया
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में सपा-बसपा ने 15 वर्ष में बेड़ा गर्क कर दिया है। सपा सरकार इसलिए केंद्र सरकार से पैसा नहीं लेती थी कि योजनाओं का श्रेय मोदी जी को मिल जाएगा। अरे भाई, जब तुम काम करोगे तो श्रेय भी तो तुम्हीं को ही तो मिलेगा लेकिन अफसोस की बात है कि वह लोग काम नहीं करते थे, पैसे से खुद का विकास करते थे। यह लोग समाजवाद के नाम पर देश को बेवकूफ बनाते हैं लेकिन खुद परिवार से उबर नहीं पाते हैं।
दस लाख करोड़ चाहिए
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्व की सरकारों ने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की इतनी उपेक्षा की कि कई बीमार हैं और ज्यादातर बंद हो गई हैं। इन पर हजारों करोड़ रुपये का बकाया है। अब तो इन उपक्रमों को संचालित करने के लिए दस लाख करोड़ की पूंजी चाहिए।
Next Story
Share it