छुट्टी पर आए 23 वर्षीय जवान का शव बरामद
BY Anonymous25 Nov 2017 7:45 AM GMT
X
Anonymous25 Nov 2017 7:45 AM GMT
जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले से शनिवार सुबह एक जवान का शव बरामद किया गया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पुलवामा जिले के सजून गांव के रहने वाले जवान इरफान अहमद खान को शुक्रवार को अज्ञात लोगों ने अगवा कर लिया था। उनके शव को शनिवार को बरामद किया गया है।
बताया जा रहा है कि 23 वर्षीय इरफान छुट्टी पर चल रहे थे। उनकी पोस्टिंग उत्तरी कश्मीर के गुरेज सेक्टर में थी।
टेरिटोरियल आर्मी के जवान इरफान के हत्यारों को पकड़ने के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पहले भी सामने आती रही है इस तरह की नृशंस घटनाएं
गौरतलब है कि सितंबर माह में उत्तरी कश्मीर के हज्जान इलाके में आतंकवादियों ने बीएसएफ के जवान की उसके घर में घुसकर हत्या कर दी थी और उसके परिवार के चार सदस्यों को घायल कर दिया था। शहीद जवान रमीज अहमद पारी (33 साल) का ताल्लुक बीएसएफ की 73वीं बटालियन से था। आतंकवादियों ने बीएसएफ जवान के घर में दाखिल होकर परिवार के सदस्यों पर अंधाधुंध गोलीबारी की थी। रमीज छुट्टियों में घर आए हुए थे।
इसी साल 9 मई को कश्मीर से ताल्लुक रखने वाले सेना के अधिकारी उमर फैयाज का आतंकवादियों ने अपहरण किया था और गोली मारकर हत्या कर दी थी। इससे पहले 9 मई को शोपियां में छुट्टी पर आए लेफ़्टिनेंट उमर फैयाज़ की भी आतंकवादियों ने हत्या कर दी थी।
Next Story